शताब्दी वर्ष पर सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण पर मंथन

शताब्दी वर्ष पर सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण पर मंथन राष्ट्र सशक्त होगा तभी नागरिक सशक्त बनेंगे : डॉ. अरुण कुमार सिंह अमेठी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर चर्चा हुई। गोष्ठी को संबोधित करते हुए विभाग संचालक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने संघ के 100 वर्षों के सफर पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ के चिंतन का आधार भारतीय संस्कृति की व्यापक अवधारणा 'वसुधैव कुटुम्बकम्' है। यह पूरे विश्व को एक परिवार मानने का संदेश देती है। राष्ट्र सशक्त होगा तभी समाज और नागरिक सशक्त बनेंगे। प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाने और नई पीढ़ी में संस्कार विकसित करने पर जोर दिया। कहा कि परिवार समाज की मूलभूत इकाई है, जिसके कमजोर होने से सामाजिक समस्याएं बढ़ेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संचालक रणजीत सिंह ने की। उन्होंने सामाजिक भेदभाव मिटाकर सद्भाव बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया। इस मौके पर जिला प्रचारक पवन, राघवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. धनंजय सिंह, दिलीप कुमार, डॉ. शंकरलाल, दिनेश तिवारी, डॉ. अम्बरीष मिश्र, संजय कुमार सहित स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Posted from Amethi, UP

Captured 1/11/2026, 7:03:03 am

Read on on record.