शिक्षक निर्वाचन को लेकर डीएम ने की समीक्षा, 23 अक्टूबर को 9 केंद्रों पर होगा मतदान
शिक्षक निर्वाचन को लेकर डीएम ने की समीक्षा, 23 अक्टूबर को 9 केंद्रों पर होगा मतदान अमेठी। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। जिले में बनाए गए 9 मतदान केंद्रों पर कुल 1,099 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 854 पुरुष और 245 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 12 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। इनमें 9 पार्टियां 22 अक्टूबर को गौरीगंज तहसील से रवाना होंगी, जबकि तीन रिजर्व रहेंगी। निर्वाचन की निगरानी के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, चार जोनल और दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। डीएम ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में सीडीओ पूजा साहू, एडीएम ज्योति सिंह, अमृता सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Posted from Amethi, UP
Captured 21/10/2026, 11:07:38 am
Read on on record.