उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक नई बहस शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ…
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक नई बहस शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच बढ़ती बयानबाजी ने मुस्लिम राजनीति के भीतर नेतृत्व और प्रतिनिधित्व का सवाल खड़ा कर दिया है। यह लड़ाई केवल दो नेताओं के बयानों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे मुस्लिम मतदाताओं के राजनीतिक विकल्प और विपक्ष की एकजुटता का सवाल भी छिपा है। आजम खान की वापसी समाजवादी पार्टी के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनका अपना राजनीतिक प्रभाव और समर्थकों का आधार रहा है। दूसरी तरफ ओवैसी मुस्लिम समाज को यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि उसे केवल किसी दूसरी पार्टी के लिए वोट करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सत्ता और राजनीतिक हिस्सेदारी में भी अपनी जगह बनानी चाहिए। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के साथ हाथ मिलाकर इस कोशिश को एक नया राजनीतिक आधार देने का प्रयास किया है। मुसलमानों में एक वर्ग आजम खान को सपा की राजनीति और अखिलेश यादव के साथ जोड़कर देखता है तो दूसरा वर्ग ओवैसी की उस दलील से सहमत दिख रहा है जिसमें वह मुस्लिम नेतृत्व की स्वतंत्र राजनीतिक पहचान की बात करते हैं। इन दो वर्गों के बीच एक बहुत छोटा वर्ग ऐसा भी है जो बीजेपी की तरफ झुकता हुआ दिखाई दे रहा है। एक तरफ आजम और ओवैसी अपनी-अपनी दलीलें रख रहे हैं लेकिन इस बहस का अंतिम जवाब मतदाता अपने वोट से ही देगा। वहीं मौसम के लिहाज से भले ही उत्तर भारत में आने वाले दिनों में सर्दी अपने चरम पर पहुंचे लेकिन सियासत का पारा चढ़ना तय है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश में आजम और ओवैसी के बयानों की तासीर दिन व दिन और गर्म होगी। हालांकि इन तीखे, जोशीले और गाढ़ी ऊर्दू वाले बयानों का असर चुनावी समीकरणों और प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर पर कितना पड़ेगा इसका जवाब आने वाला वक्त ही देगा।
Read on on record.